शुक्रवार, 4 जनवरी 2013

बिहार की कैबिनेट में कई करोड़पति

बिहार के 29 में से 15 कैबिनेट मंत्री करोड़पति हैं जिसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी का नाम भी शामिल है.
बिहार में भ्रष्टाचार रोकने के प्रयासों के तहत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हर वर्ष अपने कैबिनेट मंत्रियों को संपत्ति का ब्यौरा सार्वजनिक करने के निर्देश दिए हैं और इसी के तहत ये जानकारी सामने आई है.
कैबिनेट मंत्रियों में नए करोड़पति होने वालों में जो नए नाम शामिल हैं वो हैं अश्विनी कुमार चौबे, श्याम रजक, भीम सिंह और बिजय चौधरी.
कैबिनेट के सबसे धनी मंत्री हैं मानव संसाधन विकास मंत्री पी के शाही जिनकी कुल संपत्ति छह करोड से अधिक बताई जाती है.
सबसे कम पैसे वाले मंत्री हैं सुखदा पांडे जिनकी कुल संपत्ति है 28.55 लाख.
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की कुल संपत्ति 59 लाख है लेकिन उनके बेटे की संपत्ति मिला देने से वो भी करोड़पति हो जाते हैं. नीतीश के पुत्र निशांत के पास कुल संपत्ति 1.26 करोड़ की है.
नीतीश कुमार के पास नगद राशि 14,474 रुपए है जबकि बैंक में उन्होंने 65 हज़ार रुपए जमा किए हैं. मुख्यमंत्री के पास अपनी एक छोटी कार है. सैंट्रो.
उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी के पास कुल संपत्ति 1.05 करोड़ है.
अन्य करोड़पति मंत्रियों में अश्विनी चौबे के पास 1.46 करोड़, भीम सिंह के पास 1.11 करोड़, नीतीश मिश्रा के पास 1.69 करोड़, रामाधार सिंह के पास 2.79 करोड़, रमई राम के पास 1.30 करोड़, पी के शाही के पास 6.11 करोड़, सत्यदेव नारायण आर्य के पास 1.91 करोड़, वृष्ण पटेल के पास दो करोड़, श्याम रजक के पास 1.26 करोड़, अवधेश कुशवाहा के पास 3.2 करोड़, चंद्रमोहन राय के पास 1.65 करोड़ और सुनील कुमार पिंटू के पास 1.57 करोड़ की राशि है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें